सैदपुर में गुरुवार को करंट की चपेट में आने से एक युवक बुरी तरह झुलस गया। आनन-फानन में घायल युवक के परिजन उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे।
यहां जांच करने के बाद डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों की चीख पुकार निकल गई। परिजन बिना पुलिस को सूचित किए शव लेकर गांव चले गए।
टीवी का कनेक्शन ठीक करते समय हुआ हादसा
मामला सैदपुर के पिपनार गांव का है। पीयूष राजभर (22) गुरुवार की दोपहर घर में लगे टीवी के विद्युत कनेक्शन को ठीक कर रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। कुछ देर बाद जब परिजनों की नजर पीयूष के शिथिल शरीर पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने पीयूष को विद्युत केबल से अलग किया। इसके बाद परिजन उसे दो पहिया वाहन के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे।
परिजनों को सूचित किए बिना परिजन लेकर गए शव
सीएचसी के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने जांच की तो युवक को मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। मृतक की मां कमला देवी बार बार बेहोश हो जा रही हैं। परिजनों ने इस बारे में पुलिस को भी सूचित नहीं किया। युवक के शव को लेकर गांव चले आए।