शादियाबाद थाना क्षेत्र के युसूफपुर गांव निवासी शिवचरण राम (45) पुत्र दुर्बल राम निवासी चौरा की पीटकर हत्या कर दी। शव को गांव से चार किमी दूर बेसो नदी के किनारे फेंक दिया। मंगलवार को सुबह नदी किनारे शव मिलने की सूचना पर स्जवन ने शिनाख्त की है।
गांव निवासी शिवचरण राम राजमिस्त्री का काम करता था। स्वजन के मुताबिक शिवचरण राम किसी काम से सोमवार की शाम करीब छह बजे राजमिस्त्री के फोन पर किसी की काल आयी थी। इसके बाद वह फोन घर पर ही छोड़कर निकला था। फिर वापस घर नहीं लौटा। स्वजन ने काफी तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। सुबह स्वजन को बेसो नदी के किनारे एक शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस व स्वजन मौके पर पहुंचे तो शव की शिनाख्त शिवचरण राम के रूप में परिजनों ने की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान थे। अंदेशा है कि पीट कर हत्या करने के बाद शव को नदी किनारे फेंक दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि शिवचरण राम नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से पैसा लेता था। कई लोग अपना पैसा मांगने के लिए उसके घर पर आते रहते थे। इसको लेकर विवाद भी होता था। करीब एक माह पहले कुछ लोग उसे उठाकर ले गए थे। तीन- चार दिन वह उनके चंगुल से छूटकर भाग आया था। हालांकि उसने इसकी शिकायत पुलिस को नहीं दी थी।
उधर, नौकरी के नाम पर पैसे देने वालों ने भी पुलिस से कोई शिकायत नहीं की है। शिवचरण के दो पुत्र और चार पुत्री है। पत्नी उर्मिला देवी का रो रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने के बाद फोरेंसिक टीम ने जांच की है। शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं। सीओ भुड़कुड़ा ने स्वजन व ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली। थानाध्यक्ष घनानंद त्रिपाठी का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।