कैथी मार्कंडेय महादेव मंदिर दर्शन के दौरान सेल्फी लेते हुए डूबे युवक की तलाश में गोताखोरों की टीम जुटी है। गंगा में डूबे युवक की पहचान बिहार निवासी रोशन सिंह (22) के तौर पर हुई है। वह गोरेगांव मुम्बई में रहता था। जलालपुर जौनपुर निवासी अनिकेश विश्वकर्मा के यहां आया था।
सोमवार सुबह रोशन और अनिकेत दो अन्य साथियों के साथ कार से मार्कंडेय महादेव मंदिर पहुंचा। गंगा घाट पर रोशन अपने एक दोस्त के साथ सेल्फी लेने लगा तभी उसका पैर फिसल गया। रोशन को पकड़ने की कोशिश में उसका दोस्त भी उफनाई गंगा में गिर गया और दोनों गहरे पानी में डूबने लगे।
मौके पर मौजूद मछुआरों ने एक को निकाल लिया लेकिन रोशन सिंह तेज प्रवाह में बह गया। सूचना पर पुलिस गोताखोरों ने कैथी, ढकवां, चंद्रावती, सैदपुर से लेकर गाजीपुर तक खोजने का प्रयास किया लेकिन गंगा में डूबे रोशन का कोई सुराग हाथ नहीं लगा। प्रभारी निरीक्षक ने एनडीआरएफ के लोगों को सूचना दी है।
बाढ़ के चलते गंगा की लहरें तेज हैं, ऐसे में मछुआरों और गोताखोरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इधर, रोशन के साथ आए उसके दोस्तों में कोहराम मचा है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। रोशन सिंह मुंबई के एक कॉलेज में बी.कॉम का छात्र था। उसका परिवार गोरेगांव मुम्बई में है।