चोलापुर थाना क्षेत्र के अल्लोपुर गांव में शनिवार की रात में खेत से गेंहूं की कटाई कर घर लौट रहे एक किसान को अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं लोहता थाना क्षेत्र के खेवसीपुर में रिंग रोड पर चार पहिया वाहन के धक्के से एक मासूम बच्ची की मौत हो गयी जबकी उसका चाचा गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी अनुसार चोलापुर थाना क्षेत्र के अल्लोपुर गांव निवासी किसान श्याम नारायण पटेल (55) शनिवार को अपने खेत में गेंहूं की कटाई करने के लिये गये थे। गेंहूं कटाई करने के बाद रात 9 बजे वे अपने घर वापस लौट रहे थे। वे वाराणसी आजमगढ़ मार्ग पर सड़क पार कर रहे थे उसी समय अज्ञात वाहन ने उनको धक्का मार दिया। धक्का मारने के बाद वाहन चालक वाहन समेत फरार हो गया वहीं गंभीर रूप से घायल किसान श्याम नारायण पटेल को स्थानीय लोगों ने अस्पताल में पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार में मातम का माहौल है।
इसी तरह लोहता थाना क्षेत्र के खेवसीपुर गांव में शनिवार को सायंकाल गांव का ही रहने वाला 24 वर्षीय अमन पटेल अपनी 3 साल की भतीजी भूमि को बाइक पर बैठाकर बाजार गया था। घर वापस लौटते समय रिंग रोड फेज दो पर हरहुआ से राजातालाब की तरफ जा रही एक क्रेटा कार ने उसे टक्कर मार दिया। टक्कर लगने के बाद बाइक पर बैठी 3 वर्षीय बालिका भूमि दूर जाकर गिरी जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी वहीं अमन घायल हो गया। गुस्साये लोगों ने रिंग रोड पर जाम भी लगाया लेकिन बाद में घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें समझाकर वहां से हटाया। मृत मासूम के पिता खेती किसानी करते हैं वहीं भूमि अपने मां बाप की एकलौती संतान थी।