जिला अस्पताल से शनिवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान को एडीएम अरूण कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी व अधिकारियों को अभियान को सफल बनाने के लिए शपथ भी दिलायी गयी। इस रैली में आशा कार्यकत्री, आंगनबाडी कार्यकत्री के साथ ही मलेरिया विभाग के कर्मचारी, नगर पालिका के कर्मचारी व अन्य शामिल रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. हरगोविंद सिंह ने बताया कि संचारी रोग पर नियंत्रण करने के लिए अभियान चलाया जाता है। इस अभियान के तहत लोगों को विभागीय टीम जागरूक करेगी। बीते तीन से चार वर्षो में इंसेफलाइटिस से होने वाली मौतों पर अंकुश लगा है। इसी के निरंतरता में विशेष संचारी रोग नियंत्रण माह मनाया जा रहा है। 15 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान चलेगा, जिसमें आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्री घर-घर जाकर लोगों का दरवाजा खटखटाएंगी, और वहां पर बीमार बच्चों या अन्य लोगों के बारे में जानकारी हासिल करेंगी।
वहीं लोगों को संक्रामक एवं मच्छरों से होने वाली बीमारियों से बचाव के तरीके भी बतायेंगी। इसी तरह बेसिक शिक्षा विभाग में भी दवाइयां उपलब्ध करा दी गई हैं। यदि कोई बच्चा तीन-चार दिनों से स्कूल नहीं आ रहा है तो शिक्षक यह पता लगाने का काम किया जाएगा कि कहीं बच्चा बीमार तो नहीं है। इसके अलावा पंचायती राज विभाग के द्वारा ग्रामीण इलाकों में साफ सफाई की व्यवस्था, नगरीय इलाकों में नगर पालिका और नगर पंचायत के माध्यम से नालियों की सफाई और मच्छरों के मारने के लिए फागिंग कराया जाएगा। दस्तक अभियान के दौरान आशा गांव-गांव जाएंगी और उन्हें किसी भी हैंडपंप से अशुद्ध पानी आता हुआ मिलेगा तो उस पर लाल निशान लगाएंगी। जिससे लोगों को पता चलेगा कि इसका पानी पीने के लायक नहीं है।