बरेसर थाना क्षेत्र के माटा गांव में शुक्रवार को चकरोड पर अवैध कब्जे पर बुलडोजर चलाकर खाली कराया गया। उपजिलाधिकारी कासिमाबाद कमलेश कुमार सिंह के निर्देश पर नायब तहसीलदार बृजेश कुमार सिंह ने पुलिस एवं राजस्व विभाग के टीम के साथ मौके पर पहुंच कार्रवाई की। इससे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
नायब तहसीलदार कासिमाबाद बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि माटा गांव में 0.04 हेक्टेयर (करीब एक मंडा) चकरोड की भूमि है। चकरोड पर राम अवतार ने वर्षों पहले मकान बनवा लिया और उसमें आटा चक्की चला रहा था। अबैध कब्जे को हटाने के लिए कई बार आदेश दिया गया लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा था। कई बार अतिक्रमण हटाने गई राजस्व टीम को ग्रामीणों के विरोध के कारण बिनालौटना पड़ा था। वर्ष 2009 में तहसीलदार मुहम्मदाबाद के न्यायालय ने बेदखली का आदेश किया गया था।
गांव के ही महेश राम द्वारा चकरोड की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए उप जिलाधिकारी और जिलाधिकारी से मांग की थी। उप जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए तत्काल अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया। इसी निर्देश के क्रम में शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से देर शाम अतिक्रमण हटावा दिया गया। इस मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही और गहमागहमी का माहौल थी। इस कार्रवाई में नायब तहसीलदार बृजेश कुमार सिंह, कानूनगो भोला शंकर राय, लेखपाल पारस यादव, योगेंद्र यादव, शैलेंद्र, रामप्रवेश शामिल रहे।