स्थानीय रेलवे कालोनी में चारों तरफ गंदगी का अंबार लगा हुआ है। जगह-जगह क्षतिग्रस्त सड़कें व नालियां इनके सुरतेहाल की दशा को बयां करती रहती है। हर तरफ बजबजाती नाली मच्छरों के पनपने में मददगार बनी हैं।
रेलवे कालोनी में रहने वाले कर्मचारियों नारकीय जीवन जीने को विवश हो गये हैं। यहां के आवासों की भी दशा काफी जर्जर हो गयी है। फिर भी रेलकर्मियों का यहां रहना मजबूरी बना हुआ है। इसके आस-पास गंदगी के चलते संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा बना रहता है। इन कर्मियों के साथ ही इनके परिवार की सेहत पर काफी बुरा प्रभाव पड़ रहा है। इस परिप्रेक्ष में दानापुर मण्डल के तृतीय अभियंता से बात की गयी, तो बताया कि जल जमाव की स्थित को सुधारने के लिए बक्सर के स्वाथ्य निरीक्षक के साथ कार्य निरीक्षक को सफाई कराने के लिए निर्देशित किया गया है। जल्द ही यहां साफ-सफाई करा दी जायेगी।
कालोनी में 50 के करीब हैं आवास
स्थानीय जंक्शन के पास स्थित रेल कर्मियों के लिए बनी कालोनी में अधिकारियों से लगायत कर्मचारियों के लिए यहां बड़े-छोटे मिलाकर 50 के करीब आवास बने हैं। जहां इन कर्मियों का परिवार भी रहता है। पर उपेक्षा के चलते यहां की हालत बद से बदतर हो गयी है।