बेगूसराय जिले के लोहियानगर ओपी के बाघी ठाकुड़बड़ी के समिओ में बेखौफ अपराधियों ने शुक्रवार की अहले सुबह दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना में चार लोग जख्मी हो गए। डबल मर्डर की घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में नागदाह महतो का 27 वर्षीय पुत्र पंकज महतो और समस्तीपुर जिले के खोखसहा निवासी 30 वर्षीय महतो था।
घायलों में बाघी निवासी स्व राजकुमार सिंह के पुत्र प्रेम कुमार बाबुल और मुरारी कुमार और नागदाह के कार्तिक पासवान का पुत्र बलराम कुमार है। तीनों जख्मियों का इलाज शहर के अलग-अलग निजी नर्सिंग होम में चल रहा है। हत्या की खबर के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही ओपी अध्यक्ष अंबिका प्रसाद ने दोनों लाश को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
बताया जाता है कि दिवाली को लेकर जुआ खेलने के दौरान दो गुटों में हुई जमकर गोलीबारी में दो की मौत हो गयी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना लोहिया नगर थाने पुलिस को दी। घटनास्थल से पुलिस ने 9 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मिली जानकारी के अनुसार दीपावली की रात से ही सभी लोग जुआ खेल रहे थे। जुआ खेलने के दौरान अपराधियों ने इस बड़ी घटना को अंजाम दिया है।
ओपी थानाध्यक्ष ने बताया कि संतोष अपराधिक प्रवृत्ति का था। दोनों मृतक कुख्यात रणधीर महतो गुट के थे। मृतक पंकज के पिता हरदेव महतो ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 21 नवंबर को होने वाली थी। बहन की डोली उठने से पहले ही भाई की अर्थी उठ गई। पंकज खिलौने का दुकानदार था। परिवार उसके ऊपर ही आश्रित था।