कई दिनों से हो रही बरसात के चलते कर्मनाशा नदी का पानी तेजी से बढ़ रहा है। इसके जल स्तर बढ़ने का क्रम प्रति घंटे एक से साव सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहा है। यानी 24 घंटे में इसका पानी दो फिट बढ़ गया है। पानी के बढ़ने के क्रम को देखकर कर्मनाशा नदी के तटवर्ती गांव के लोगों को बाढ़ का भय सताने लगा है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश होने की वजह से पानी तेजी से बढ़ रहा है।
वैसे तो जून माह में लगातार कई वर्षों से कर्मनाशा का पानी इतना कम रहता था कि लोग पैदल ही नदी को पार कर जाते थे। तेज धूप व गर्मी के चलते इस माह में धूल उड़ती रहती थी। पर इस बार मानसून के जल्द दस्तक देने से सूख चुकी कर्मनाशा में एकाएक पानी बढ़ गया है। महज एक सप्ताह पहले इस नदी में नाविक अपनी नाव को ठीक करने का कार्य कर रहे थे। ताकि बरसात शुरू होने और पानी के बढ़ जाने पर नाव से यात्रियों को इस पार से उसपार ढोने का काम कर सकें, लेकिन अचानक इसका जल स्तर बढ़ जाने से कई नाविक अपने नाव की मरम्मत किये बिना ही नावों को नदी से निकालकर किनारे लाना पड़ गया। अब स्थिति यह हो गयी है कि अगर लगाता बारिश होती रही, तो जल्द ही तटवर्तीय गांवों में पानी प्रवेश करने लग सकता है।