बरेली के बहेड़ी से नवाबगंज तिलक चढ़ाने गए लड़की के फूफा की लड़के के रिश्तेदारों ने चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। चार अन्य लोग घायल हो गए। थाना नवाबगंज में पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को चाकू समेत गिरफ्तार कर लिया है। फरार चार अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
बहेड़ी में गुड़बारा के रामकुमार कश्यप नवाबगंज के बाकरगंज गांव में लालता प्रसाद के बेटे रमेश के लिए तिलक लेकर उनके घर गए थे। सोमवार रात को दोनों पक्षों के कई लोग शराब के नशे में थे। उनमें कई बार कहासुनी हो गई थी। आधी रात को खाना खाने के दौरान झगड़ा हो गया। जिसमें लड़के पक्ष के भगवानदास व चार अन्य लोगों ने लड़की पक्ष वालों पर हमला कर दिया। लड़की के रिश्ते के फूफा मंसाराम कश्यप को पीटा और उनकी चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। झगड़े और मारपीट में चार अन्य लोग घायल हो गये। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि हत्या के मुख्य आरोपी भगवानदास को नवाबगंज पुलिस ने चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया है। भगवान दास के अलावा अजय, कांता प्रसाद, कृष्णपाल और पंकज के खिलाफ हत्या जानलेवा हमला समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।