आगामी विधानसभा चुनाव में बिना मास्क के बूथ के अंदर प्रवेश वर्जित रहेगा। इसके बिना वोटरों को मतदान की अनुमति नहीं रहेगी। जो भी बिना मास्क के वोटर मतदान केंद्र पर पहुंचेंगे उनको स्वास्थ्य विभाग द्वारा नि:शुल्क मास्क दिया जाएगा। साथ ही मतदान केंद्र में अंदर प्रवेश से पहले उनके हाथों को सेनेटाइज भी किया जाएगा। यह जानकारी पटना की सिविल सर्जन डॉ. विभा कुमारी सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव की तैयारी की जा रही है। एक और जहां वोटरों को मास्क और सेनेटाइजर की व्यवस्था की जा रही है। वहीं मतदान कर्मियों की सुरक्षा पर भी व्यापक उपाय किए जा रहे हैं। मतदान कर्मियों को मास्क, फेस शील्ड और जरूरी हुआ तो पीपीई किट भी प्रदान किया जाएगा।
सेनेटाइज किए जाएंगे बूथ
सिविल सर्जन ने बताया कि मतदान से एक दिन पहले सभी बूथ को सेनेटाइज किया जाएगा। इसके अलावा वोटिंग के दिन प्रत्येक तीन घंटे पर एक बार सेनेटाइजेशन कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए सारी योजनाएं तैयार कर ली गई हैं। वोटरों को मास्क देने के लिए आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और संबंधित पीएचसी के स्वास्थ्य कर्मियों की मदद ली जा रही है। ये सभी गेट पर तैनात रहेंगे और स्वच्छतापूर्वक मतदान की सलाह भी देंगे। बताया कि प्रत्येक बूथ पर उपयोग किया हुआ मास्क फेंकने के लिए प्लास्टिक का डस्टबिन रहेगा। मतदान कर्मियों, पीठासीन पदाधिकारी, ईवीएम और सुरक्षाकर्मियों को ढोने वाले वाहन के ड्राइवरों को भी मास्क और फेस शील्ड प्रदान किए जाएंगे।