जनपद में मंगलवार 19 मई को लॉकडाउन की वही पूर्ववर्ती व्यवस्था लागू रहेगी जो शनिवार, 16 मई को थी। उत्तर प्रदेश राज्य का विस्तृत आदेश जारी होने के उपरांत मंगलवार शाम तक आगे के लिए आदेश जारी किए जाएंगे जो 20 मई से लागू होंगे। दरअसल कोरोनावायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए लॉकडाउन चार में क्या-क्या छूट दी जाए इसको लेकर गहन मंथन किया जा रहा है। वाराणसी में अब तक काेरोना वायरस संक्रमण से चार की मौत हुई है। 101 संक्रमित मरीजों के साथ ही यहां 41 हॉटस्पॉट भी है। ऐसे में जिला प्रशासन काफी सोच समझकर ही निर्णय लेने के पक्ष में नजर आ रही है।
21 ग्रीन जोन, तीन ऑरेंज जोन और 17 रेड जोन
बीएचयू लैब से सोमवार को 168 सैंपल के परिणाम प्राप्त हुए। इसमें 163 परिणाम नेगेटिव है। पांच नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। पांच मरीज गत दिनों मुंबई से ट्रक में सवार होकर वाराणसी आए। जनपद में 101 कोरोना पॉजिटिव मरीज हो गए है, जिसमें 65 स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में एक्टिव मरीजों की संख्या 32 है। हॉटस्पॉट की संख्या 41 हो गई। इसमें 21 ग्रीन जोन, तीन ऑरेंज जोन और 17 रेड जोन में है।
लॉकडाउन को 31 मई तक बढ़ा दिया
देश में कोरोना वायरस के मामले में बढ़ोतरी को देखते हुए सरकार ने लॉकडाउन को 31 मई तक बढ़ा दिया है। गृह मंत्रालय ने आदेश जारी किया है कि लॉकडाउन 4.0 में क्या सेवाएं प्रतिबंधित रहेंगी और क्या सुचारू रूप से चलती रहेंगी। इस संबंध में वाराणसी जिला प्रशासन ने कहा कि नई गाइडलाइन के तहत सोमवार को फैसला लिया जाएगा कि क्या सेवाएं जारी रहेगी और क्या प्रतिबंधित। लॉकडाउन 4.0 की शुरुआत 18 मई से हो रही है। गृह मंत्रालय ने इसके लिए एडवाइजरी जारी की है।