राजधानी में मंगलवार की सुबह-सुबह बाढ़ से एक मरीज की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सोमवार को भी जिले में बाढ़ से एक मात्र पॉजिटिव युवक मिला था। गत छह मई को आने के बाद सीधे गांव पहुंचे दो प्रवासियों ने पूरे बाढ़ अनुमंडल को खतरे में डाल दिया है। इसके पहले रविवार को एक साथ रिकॉर्ड तोड़ 58 संक्रमित मिले थे। राजधानी में कुल मामले 166 हो गए हैं।
इधर, सोमवार को सिर्फ बाढ़ के एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं एवीआर होटल में रह रही बच्ची की फॉलोअप रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है, जबकि उसकी मौसी की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। सिविल सर्जन ने बच्ची की रिपोर्ट निगेटिव आने तक उन्हें भी आइसोलेशन सेंटर में ही रखने का निर्देश दिया है।
3138 नमूने जांच को भेजे गए हैं अब पटना जिले से
सिविल सर्जन डॉ. राजकिशोर ने बताया कि सोमवार को बाढ़, पंडारक, बख्तियारपुर और होटल पाटलिपुत्र अशोक से कुल 156 लोगों को नमूना लिया गया है। वहीं 119 लोगों की रिपोर्ट रविवार की लंबित है। हालांकि, रविवार को जो लोग पॉजिटिव पाए गए थे, लैब ने उनकी रिपोर्ट भेज दी है। सोमवार देर शाम तक पटना जिले में कुल 3138 नमूने जांच के लिए लैब भेजे जा चुके हैं।