गाजीपुर: जिले में दो तेंदुए क्या निकल गए हर किसी के मन में उनका भय समा गया है। लोग किसी भी विचित्र जानवर को देख उसे तेंदुआ समझने लगे है। शनिवार को भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। सैदपुर थाना क्षेत्र के भितरी गांव में खोजा जा रहा कथित तेंदुआ लकड़बग्घा और मुहम्मदाबाद थानाक्षेत्र के छत्तरपुर गांव के सिवान में खोजा जा रहा तेंदुआ सुअरा निकला। इससे आम लोगों सहित पुलिस प्रशासन व वन विभाग ने राहत की सांस ली।
देवकली : सैदपुर थाना क्षेत्र के भितरी गांव में गुरुवार को रात्रि ग्रामीणों द्वारा गांव में तेंदुआ देखे जाने की सूचना वन विभाग को दी गई थी। वन विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा संभावित तेंदुए की तलाश शुरू की गई। संभावित स्थान पर जाल लगाए गए। शुक्रवार को सुबह तेंदुआ तो नहीं बल्कि लकड़बग्घा निकला। नंदगंज क्षेत्र के बन क्षेत्राधिकारी सदानंद सिंह ने बताया कि जाल लगाकर संभावित स्थलों पर खोजबीन की जा रही थी।